धरमपुरा जिला पंचायत क्षेत्र में जल संरक्षण हेतु ‘मोर पानी महाअभियान’ के अंतर्गत ग्रामीणों में जागरूकता, श्रमदान से रिचार्ज पिट निर्माण में मिली सफलता

कवर्धा : प्रदेश सरकार की अनुशंसा एवं ‘मोर पानी महाअभियान’ के अंतर्गत धरमपुरा क्षेत्र में जल संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। धरमपुरा, मानिकचौरी एवं मिरमिट्टी पंचायतों में ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु घर-घर जाकर रिचार्ज पिट (सोखता गड्ढा) बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य “घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में” की अवधारणा को साकार करना रहा, जिससे भू-जल स्तर को बनाए रखा जा सके।
इस महाअभियान के अंतर्गत न केवल जागरूकता फैलाई गई, बल्कि कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर गड्ढा खुदाई में सक्रिय भागीदारी निभाई। जल का भविष्य में कितना महत्व है, इस विषय पर भी ग्रामीणों को विस्तार से समझाया गया, जिससे वे स्वयं इस अभियान का अभिन्न हिस्सा बनें।
इस जन-जागरूकता अभियान में क्षेत्र के सम्माननीय जिला सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू, जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री तामेश्वर साहू, धरमपुरा सरपंच प्रतिनिधि श्री बिरजू चंद्रवंशी, मिरमिट्टी सरपंच श्री मोहन साहू, मानिकचौरी सरपंच श्री रामनाथ मोहले, पंचायत सचिव श्री नंदू सिंह, पंचगण, आवास मित्र, महिला समूह तथा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।
इस अवसर पर सभी पंचायतों के ग्रामवासियों ने भरपूर सहयोग प्रदान कर अभियान को सफल बनाया। महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी ने विशेष रूप से अभियान को जीवंत बना दिया।
इस जनसहभागिता एवं श्रमदान आधारित अभियान के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि यदि सामूहिक प्रयास हो तो किसी भी समस्या का समाधान संभव है। जल संकट जैसी गंभीर समस्या से निपटने हेतु ऐसी पहलें अत्यंत सराहनीय हैं और अन्य क्षेत्रों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।







