भिलाई में रियल एस्टेट कारोबारी का अपहरण… ऑनलाइन सट्टे और जमीन घोटाले से जुड़ा मामला

भिलाई : भिलाई में एक रियल एस्टेट कारोबारी करण गुप्ता के साथ मारपीट और जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। ये घटना उस वक्त हुई जब करण ने महादेव सट्टा और ज़मीन से जुड़ी गड़बड़ियों की शिकायत पुलिस में की थी। शनिवार सुबह करीब 4 बजे करण अपने दोस्त के साथ सरकारी अस्पताल के पास चाय पीने गया था। तभी एक काली थार गाड़ी (नंबर CG 07 CM 8400) में गौतम सोना और उसके कुछ साथी वहां पहुंचे। उन्होंने करण से बदतमीजी की, जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरदस्ती गाड़ी में बिठाकर रायपुर की ओर ले गए।
गाड़ी में करण के साथ मारपीट की गई। लेकिन मौका देखकर करण ने थार के गियर में लात मार दी जिससे गाड़ी रुक गई और वह भागकर सीधे थाने पहुंचा। करण ने इससे पहले गौतम सोना और विशाल भौमिक के खिलाफ एसएसपी दुर्ग को एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया था कि महादेव सट्टे की बड़ी रकम ज़मीन के सौदों में लगाई जा रही है। शिकायत के बाद से ही करण को धमकियां मिलने लगी थीं।







