साजा विधायक ईश्वर साहू ने समाधान शिविर में दिलाई स्वच्छता की शपथ, ग्रामीणों से की स्वच्छ और सुंदर गांव की अपील

बेमेतरा :  छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों तक शासन-प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु तीन चरणों में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड साजा के ग्राम पंचायत पदुमसरा में आज समाधान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्रीय विधायक श्री ईश्वर साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।समाधान शिविर के दौरान विधायक श्री साहू ने क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और अपने गांवों को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह नागरिक कर्तव्य है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने ग्रामीणों को प्लास्टिक का उपयोग न करने, कचरा निर्धारित स्थान पर फेंकने, नियमित साफ-सफाई रखने और स्वच्छ आदतें अपनाने की अपील की। इस समाधान शिविर में क्लस्टर अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम साजा सुश्री पिंकी मनहर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीउपस्थित रहे। शिविर के दौरान आमजन की समस्याएं सुनी गईं और कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई और हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। समाधान शिविर के आयोजन से ग्रामीण अंचल में शासन की योजनाएं सुलभ हो रही हैं और लोगों का विश्वास प्रशासन पर और अधिक मजबूत हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button