जनता ने डबल इंजन की सरकार की नीतियों पर लगाई मुहर : साय

रायपुर :  छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली एकतरफा जीत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने डबल इंजन की सरकार की नीतियों पर मुहर लगा दी है। साय ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर लोगों के विश्वास का नतीजा बताया।

नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है। इस जीत के लिए मैं छत्तीसगढ़ के मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं। आम जनता ने अटल विश्वास पत्र पर भरोसा जताया। मुख्यमंत्री होने के नाते वादा करता हूं कि जो भी वादा अटल विश्वास पत्र में किया है, वह पूरा होगा। हम लोगों को ठगने के लिए नहीं बल्कि वादा पूरा करने के लिए आए हैं।

साय ने पिछले चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि तब कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी। महापौर और अध्यक्ष चुनाव को प्रत्यक्ष नहीं कराया था, लेकिन इस बार हमने जनता को उनका हक दिया और लोकतंत्र की जीत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पिछले बार के कांग्रेस से जीते महापौर इस बार पार्षद का चुनाव भी नहीं जीत पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 10 नगर निगम के चुनाव में हमें जीत मिली और सभी ने अच्छे अंतर से जीत दर्ज की है। 49 नगर पालिका में से 33 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है, वहीं 114 नगर पंचायत में 84 में हमें जीत मिली है। साय ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव का परिणाम बताता है कि हमने जो वादा किया था उसे पूरा करने में सफल रहे है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button