मरीजों को समय पर इलाज और दवाएं देना होगा अनिवार्य, कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को दिए कड़े निर्देश

कोरिया :  कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि मरीजों को समय पर जांच, इलाज और दवाएं मिलें। आपात स्थिति में स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर और कर्मचारी उपलब्ध रहें और मरीजों व उनके परिजनों के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों के जीवन से जुड़ी हैं और इनमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), नोडल चिकित्सक और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और नवजातों की समय पर पहचान करें
कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामलों की समीक्षा कर उनके कारणों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का प्रसवपूर्व देखभाल (एएनसी) के लिए समय पर पंजीयन हो और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। अधिक जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की समय पर पहचान कर उनकी निगरानी और उपचार की व्यवस्था करें। उन्होंने मां और नवजात की सुरक्षा के लिए संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा टीबी और कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए ।

दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचे टीम, ग्रामीणों से सुने समस्याएं
श्रीमती यादव ने सीएमएचओ और सभी बीएमओ को हर महीने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने और हर सप्ताह अपने अधीन अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ से कहा कि विभाग की टीम दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचे, वहां उपलब्ध इलाज और कर्मचारियों की स्थिति देखे तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का यथासंभव समाधान करे। अस्पतालों की अधोसंरचना में कमियां चिह्नित कर चरणबद्ध सुधार के लिए कार्ययोजना बनाने को भी कहा।

बंजारीडांड में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नोटिस के निर्देश
मैदानी अमले के कामकाज की समीक्षा के दौरान बंजारीडांड क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने को कहा।

टीकाकरण की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर करें
समीक्षा में पाया गया कि मैदानी स्तर पर टीकाकरण हो रहा है, जबकि पोर्टल पर उसके अनुरूप प्रविष्टियां दर्ज नहीं हो रही हैं। नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने स्प्ष्ट निर्देश दिए कि टीकाकरण की हर गतिविधि समय पर ऑनलाइन दर्ज की जाए और पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी मैदानी कार्य से मेल खाए। उन्होंने हितग्राहियों और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी भी पोर्टल और मोबाइल ऐप पर तय समय में दर्ज करने को कहा।

सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे आयुष्मान योजनाओं का लाभ
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत कार्ड और आयुष्मान वय वंदना योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले का बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने और सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा सिर्फ पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने की जिम्मेदारी ही नहीं है, बल्कि इस कार्ड का समुचित लाभ मिले यह भी जवाबदेही जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में समय का सबसे बड़ा महत्व होता है, ऐसे में प्रत्येक डॉक्टर, स्टॉफ समय पर अस्पताल, स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे औऱ साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखें।

श्रीमती यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप काम करें और सुनिश्चित करें कि लोगों को जरूरत के समय गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button