कोरबा में हाथियों की मौजूदगी से अलर्ट वन विभाग, खेतों और जंगलों में जाने वालों के लिए एडवाइजरी जारी

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला वन मंडल में जंगली हाथियों के एक दल की मौजूदगी सामने आई है। जंगल में करीब 9 हाथियों के विचरण की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। ग्रामीणों को संभावित खतरे से आगाह करने के लिए गांव-गांव लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कराई जा रही है। वहीं, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है।

ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील

वन विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दे रही है। विभाग ने खास तौर पर शाम के बाद जंगल की ओर नहीं जाने, खेतों में अकेले न रहने और बच्चों को जंगल से दूर रखने की अपील की है।

इसके साथ ही ग्रामीणों और राहगीरों को हाथियों के करीब जाकर सेल्फी लेने या वीडियो बनाने से सख्ती से मना किया गया है। हाथियों के पास जाने या उन्हें परेशान करने से जान का खतरा हो सकता है।

ड्रोन से निगरानी, हाथी मित्र दल सक्रिय

हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। ड्रोन कैमरे से दल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा हाथी मित्र दल को भी सक्रिय किया गया है, ताकि ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाई जा सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

निगरानी टीम में डिप्टी रेंजर केशव सिदार, बीएफओ प्रतीक तिवारी, शेखर कंवर, दीपक कुजूर, कपिल कंवर, परमेश्वर बंजारे और मिलाप कंवर शामिल हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, जंगल की ओर जाने से बचें और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनके नजदीक जाने के बजाय वन अमले को जानकारी दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button