विकास के दावों के बीच बस्तर की तस्वीर ने उठाए सवाल, मरीज को पहाड़ से नीचे उतारकर ले गए ग्रामीण

जगदलपुर/सुकमा: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के दूरस्थ इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत एलेंगनार के माला पारा में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीण एक बीमार महिला को कांवड़ के सहारे अस्पताल ले जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क नहीं होने से 108 एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पाती।

कांवड़ के सहारे पहाड़ से नीचे उतारी गई महिला

मामला झीरम घाटी से लगे माला पारा का बताया जा रहा है। सामने आए वीडियो में ग्रामीण बीमार महिला को कंधों पर कांवड़ के सहारे ऊंचे पहाड़ी रास्ते से नीचे उतारते दिखाई दे रहे हैं। गांव में सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खुद मशक्कत करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, मरीज को कोड़ापोदर और झीरम तक ले जाने की मजबूरी रहती है। सड़क के अभाव में आपात स्थिति में भी गांव तक एंबुलेंस पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

बच्चे हों या बुजुर्ग, बीमारी में उठाकर ले जाना पड़ता है

वीडियो में एक युवक गांव की समस्या बताते हुए कहता है कि बच्चा हो, बुजुर्ग हो या कोई जवान—बीमार पड़ने पर मरीज को इसी तरह कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ता है। युवक ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सवाल किया कि गांव तक सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए।

ग्रामीणों की यह शिकायत दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और आवागमन की सुविधा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

सड़क और एंबुलेंस की सुविधा की मांग

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सड़क और आपातकालीन परिवहन की व्यवस्था कितनी जरूरी है। सड़क नहीं होने की स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी और परिजनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

ग्रामीणों की मांग है कि गांव तक पहुंचने के लिए सड़क की व्यवस्था की जाए, ताकि बीमार लोगों को कंधों पर उठाकर अस्पताल ले जाने की मजबूरी खत्म हो सके। अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासन इस समस्या पर क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button