मुंगेली में तेज रफ्तार पिकअप का कहर, विधायक के भाई समेत तीन की मौत; चालक फरार

मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में हुए सड़क हादसे में विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे में इन तीन लोगों की गई जान

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान अधीन मोहले, निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल पिता तिजऊ राम और गंगा राम, निवासी रेहुंटा के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

अपने भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलने पर विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक भी अस्पताल पहुंचे।

आज गृह ग्राम में होगा अंतिम संस्कार

अधीन मोहले का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाएगा। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है।

पिकअप चालक की तलाश में पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और फरार चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button