ईरान के खिलाफ अमेरिका का शिकंजा और सख्त! नाकेबंदी के बीच कार्गो शिप पर फाइटर जेट से हमला

वॉशिंगटन: अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जारी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच ओमान की खाड़ी में एक कार्गो शिप को निशाना बनाया है। अमेरिकी सेना के मुताबिक, पनामा के झंडे वाले इस शिप ने चेतावनी और निर्देशों की अनदेखी की और नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश की थी। इसके बाद अमेरिकी फाइटर जेट ने इस कार्गो शिप पर अटैक कर जहाज के प्रोपल्शन सिस्टम को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया। अमेरिकी सेना ने बताया कि हमले में शिप के क्रू मेंबर्स को कोई नुकसान नहीं हुआ।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि अमेरिकी फाइटर जेट ने पनामा के झंडे वाले मालवाहक जहाज M/V Ocean Molica जिसे ‘अरिका सन’ के नाम से भी जाना जाता है, के पिछले हिस्से पर हमला किया। इससे जहाज की आगे बढ़ने की क्षमता खत्म हो गई।

ईरानी बंदरगाह से निकला था जहाज
CENTCOM के मुताबिक बल्क कैरियर जहाज ईरान के पोर्ट से रवाना होने के बाद क्षेत्रीय समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले समुद्री यातायात पर नाकेबंदी लागू कर रखी है। इसके तहत अमेरिकी सेना कमर्शियल शिप को चेतावनी और निर्देश जारी करती है। CENTCOM के मुताबिक, निर्देशों का पालन करने वाले जहाजों को दूसरे मार्ग पर भेजा जाता है, जबकि आदेशों की अवहेलना करने वाले जहाजों को निष्क्रिय करने के लिए सैन्य कार्रवाई की जा सकती है।

तीन महीने में 135 जहाजों को लौटाया
CENTCOM की ओर से 10 अक्टूबर को जारी बयान में यह दावा किया गया था कि नाकेबंदी लागू करने के पिछले तीन महीनों के दौरान चार कमर्शियल जहाजों को निष्क्रिय किया गया और 135 जहाजों को वापस लौटाया गया। इसके अलावा, अमेरिकी सेना ने IRGC के कथित गुप्त समुद्री परिवहन नेटवर्क से जुड़े 10 टैंकरों को नष्ट करने की बात भी कही थी। अमेरिका की इन कार्रवाइयों के बीच क्षेत्र में समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। ओमान की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज इंटरनेशनल एनर्जी सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग हैं।

जहाजों के लिए अमेरिकी सेना की चेतावनी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस इलाके में नाविकों और जहाजों के चालक दल को नाकेबंदी संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। कमान ने जहाजों को ‘नोटिस टू मेरिनर्स’ प्रसारण पर नजर रखने और ओमान की खाड़ी तथा होर्मुज के आसपास अमेरिकी नौसैनिक कर्मियों के साथ ब्रिज-टू-ब्रिज रेडियो चैनल 16 पर संपर्क बनाए रखने को कहा है। ईरान के आसपास के समुद्री क्षेत्रों में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इस कार्रवाई से क्षेत्रीय जहाजरानी और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव और बढ़ने की आशंका है।

बता दें कि इससे पहले पिछले हफ्ते ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले एक कमर्शियल जहाज MT On Peace पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। इस हमले में जहाज पर सवार 12 क्रू मेंबर घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय मूल के थे। हमले के बाद ओमान के अधिकारियों और तटरक्षक बलों की सहायता से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायल क्रू मेंबर्स को जहाज से सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए ओमान के खासाब शहर में भर्ती कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button