कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल का एक हिस्सा टूटकर गिरा, 19 लोगों की मौत; करीब 25 घायल

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में पूजा के आनंद के बीच हादसा हो गया। सप्तमी की शाम को चोरबगान सार्वजनिक के मंडप का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ऐसी सिचुएशन में दर्शकों की सुरक्षा के लिए फिलहाल पूजा मंडप का दरवाजा बंद कर दिया गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस हादसे की वजह से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा, करीब 25 लोग घायल हैं। गेट टूटकर गिरने से कई लोगों को चोट लगी है। इस बीच, पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी घायलों से मिलने अस्पताल में पहुंचे हैं। उन्होंने घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख

प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता हादसे पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने घोषणा की है कि जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएम राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने जारी किया टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर

बताया जा रहा है कि घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से निपटने के लिए पूजा आयोजकों में अफरा-तफरी मची है। खबर मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी वहां पहुंचे हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दुर्घटना से जुड़ी जानकारी पाने के लिए 18003455678 पर कॉल कर सकते हैं।

बारिश से बचने के लिए दर्शकों में शुरू हुई थी धक्का-मुक्की

जान लें कि आज शाम के बाद कोलकाता के कई हिस्सों में थोड़ी बारिश हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, बारिश से बचने के लिए दर्शकों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल, कई लोगों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य चश्मदीद का कहना है, ‘कई लोग बेहोश हो गए हैं। कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर ले जाया जा रहा था। मैंने अपने चारों ओर यही होते देखा। जब लोग बेहोश हो गए, तो उन्हें बाइकों पर ले जाया जाता। वहां भारी भीड़ भी थी।’

पंडाल के भीतर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन की जरूरत- कुणाल घोष

TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, ‘नॉर्थ कोलकाता के चोरबागान पूजा में एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को अस्पताल में ले जाने का काम चल रहा है। यह घटना कैसे या क्यों हुई, इस पर बाद में बात की जा सकती है, लेकिन अभी हमारी प्रॉयरिटी लोगों की जान बचाने की है। हम पुलिस प्रशासन से अपील करते हैं कि अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए। हम पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। पंडाल के भीतर अभी भी राहत और बचाव कार्य किए जाने की जरूरत है। हम हालात पर नजर रखे हुए हैं। पूजा के वक्त यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button