प्लॉट के अंदर मिली सड़ी-गली लाश, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

कटघोरा :  कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लॉट के अंदर घने जंगल में मिला। लाश मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।

महिला की नजर पड़ी तो सामने आया मामला

बताया जा रहा है कि सुबह एक महिला की नजर जंगल के अंदर पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद उसने ग्रामीणों, पार्षद और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी। मामला सामने आते ही पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शव की स्थिति को देखते हुए उसके कुछ समय पुराना होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

फोरेंसिक टीम ने भी की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। वहीं पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और घटनास्थल से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक की पहचान और उसके वहां तक पहुंचने की वजह का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button