दिल्ली में दरिंदगी की दो घटनाओं से हड़कंप, बच्ची से दुष्कर्म के बाद कालकाजी में नाबालिग से गैंगरेप

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम दो अलग-अलग इलाकों से नाबालिगों से यौन अपराध के गंभीर मामले सामने आए। एक मामला मध्य दिल्ली के देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र का है, जहां 6 साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में 34 वर्षीय व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। वहीं, कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
देशबंधु गुप्ता रोड में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप
पहला मामला देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र के शिदीपुरा इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे स्थानीय लोग बच्ची और उसके परिजनों के साथ पुलिस चौकी पहुंचे। उनके साथ एक 34 वर्षीय व्यक्ति भी था, जिस पर बच्ची के साथ यौन अपराध करने का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अंकित के रूप में की है, जो किशनगंज का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया और पुलिस चौकी के बाहर लोगों के जुटने की जानकारी सामने आई है।
कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप का आरोप
दूसरा मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क का है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग अपने एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों शाम करीब 7:30 बजे पार्क की ओर गए।
आरोप है कि वहां तीन युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने नाबालिग और उसके दोस्त को धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने लड़की के दोस्त को अलग कर दिया और नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एक आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में आसिफ नाम के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीछा कर रही टीम पर गोली चलाने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और उसे पकड़ लिया गया। घटना में एक पुलिसकर्मी के बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की जांच के साथ CCTV फुटेज खंगालने तथा अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।
दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी
दिल्ली में सामने आए इन दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई शुरू कर दी है। देशबंधु गुप्ता रोड मामले में आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया, जबकि कालकाजी मामले में एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ है। दोनों मामलों में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







