मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार! छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार, रायपुर में भी छाए रहेंगे बादल

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के कारण होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद 23 सितंबर की सुबह तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने का अनुमान है।

आज कई इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यह मिजाज बने रहने का अनुमान है। नए मौसम तंत्र के प्रभाव से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

प्रदेश में अब तक सामान्य रही बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है। प्रदेश में सामान्य बारिश की तुलना में करीब 6 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई।

बिलासपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

रविवार को प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

बारिश की बात करें तो छिंदगढ़ में सर्वाधिक 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 मिमी, नांगर और सुकमा में 5-5 मिमी बारिश हुई।

इसके अलावा जगदलपुर, मालखरौदा, ओरछा, पेंड्रा रोड और कुसमी में 4-4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में 1 से 3 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड हुई।

नए मौसम तंत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button