छत्तीसगढ़ में फिर बरसेंगे बादल! 19 सितंबर से बारिश के आसार, कई इलाकों में वज्रपात की चेतावनी

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और एक-दो स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि शाम होते-होते मौसम बदला और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली।
अंडमान सागर में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
24 घंटे में इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में मौसमी बारिश सामान्य से 6 प्रतिशत कम रही।
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पथरिया में 4 सेंटीमीटर, सूरजपुर और बम्हनीडीह में 3-3 सेंटीमीटर तथा उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहरा और करतला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 19 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दो दिन तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है।
अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।







