छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन कम होगी बारिश, फिर बढ़ेगी गतिविधि; रायपुर में 33 डिग्री रहेगा तापमान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। इसके चलते राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से लोगों को राहत भी मिली।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है। इसके बाद एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

विभाग के मुताबिक इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है, हालांकि कुल बारिश सामान्य से 5 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 16 सितंबर को राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है।

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मंगलवार को कहां-कितनी हुई बारिश?

मंगलवार को प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश जगदलपुर में 6 सेंटीमीटर रिकॉर्ड हुई।

इसके अलावा घुमका में 4 सेमी, कुटरू में 2 सेमी, जबकि दाढ़ी, बकावंड और धमधा में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो 35 डिग्री सेल्सियस के साथ राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

क्या है मौसम तंत्र?

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होकर उदयपुर, रायसेन, पेंड्रा रोड, रांची और दीघा तक फैली हुई है। इसके बाद यह दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।

वहीं बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में दोबारा बढ़ोतरी की संभावना बन सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button