भारत की बेटियों का विजय अभियान, फाइनल में श्रीलंका को किया चारों खाने चित

दुबई :भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने गत चैंपियन श्रीलंका को 72 रन से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत ने 8वीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और आखिरी ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
शेफाली-मंधाना ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत
भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने बेहद आक्रामक अंदाज में की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 129 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। यह महिला टी20 एशिया कप के इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारियों में शामिल रही।
शेफाली वर्मा ने महज 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया। वह महिला टी20 एशिया कप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बनीं। उन्होंने 39 गेंदों पर 68 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
वहीं स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। दोनों की पारियों ने भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी।
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 14 रन बनाकर आउट हुईं। ऋचा घोष ने 13 गेंदों में 17 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा 5 रन ही बना सकीं। भारती फुलमाली ने 2 रन बनाए। प्रगननंदा कमलिनी ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ते हुए 5 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए और भारत का स्कोर 183 रन तक पहुंचाया।
श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू, मिताली अयोध्या और चमुदी प्रबोधा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
पहले ओवर से ही श्रीलंका पर दबाव
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारत की क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में इमेशी दुलानी को बोल्ड कर दिया।
इसके बाद कप्तान चमारी अटापट्टू और विश्मी गुनारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी हुई। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा।
दीप्ति शर्मा ने चमारी अटापट्टू को 36 रन के स्कोर पर स्टंप कराया। इसके बाद उन्होंने विश्मी गुनारत्ने को भी बोल्ड कर दिया, जिन्होंने 20 रन बनाए।
25 रन के अंदर श्रीलंका ने गंवाए 6 विकेट
एक समय 14 ओवर में श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 86 रन था और टीम मुकाबले में बनी हुई थी। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि श्रीलंका ने अपने आखिरी 6 विकेट महज 25 रन के भीतर गंवा दिए।
भारत की ओर से श्री चरणी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 4 विकेट झटके। दीप्ति शर्मा ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। भारत ने 72 रन से फाइनल जीतकर महिला एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
2024 की हार का भी लिया बदला
इस जीत की खास बात यह भी रही कि भारत ने 2024 की हार का हिसाब चुकता कर दिया। श्रीलंका ने 2024 में भारत को हराकर महिला एशिया कप का खिताब जीता था। अब भारत ने फाइनल में श्रीलंका को मात देकर न केवल ट्रॉफी वापस हासिल की, बल्कि अपने दबदबे को भी बरकरार रखा।







