ADM चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी के बाद बोले CM साय, ‘अपराध किया है तो कार्रवाई तय है’

रायपुर : बहुचर्चित CGPSC घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में बलरामपुर-रामानुजगंज के एडिशनल कलेक्टर चेतन बरघोरिया को ईडी ने गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने उन्हें छह दिन की ईडी रिमांड पर भेजा है। अब इस गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा बयान दिया है।
मुख्यमंत्री साय ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार में किसी भी तरह का अपराध करने वाले व्यक्ति के खिलाफ जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
‘किसी को बख्शा नहीं जाएगा’
एडीएम चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार में अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को संरक्षण नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार में कोई भी अपराध करता है तो उसकी जांच होगी और उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
मुख्यमंत्री के इस बयान को CGPSC घोटाले से जुड़े मामले में सरकार की सख्त कार्रवाई के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
ED ने पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर चेतन बरघोरिया से पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया।
ईडी ने अदालत में उत्कर्ष चंद्राकर और चेतन बरघोरिया के बीच हुई कथित वाट्सऐप चैट का भी हवाला दिया। जांच एजेंसी ने मामले में आगे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए चेतन बरघोरिया को छह दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया।
BRICS समिट पर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्ष जुटे हैं और इस बार भारत को BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जो देश के लिए गौरव की बात है।







