फिंगेश्वर में फिर हाथी का आतंक! जंगल में डेरा, ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी

गरियाबंद/फिंगेश्वर: गरियाबंद वनमंडल के फिंगेश्वर वन परिक्षेत्र में एक बार फिर हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों को देखते हुए आसपास के 10 गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार, 6 सितंबर 2026 को हाथी क्रमांक 1GBME1 (चंदा दल) फिंगेश्वर सर्कल के खुड़सा बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-35 और 34 में मौजूद है। टीम के अनुसार हाथी चिन्हित लोकेशन से करीब 100 मीटर की दूरी पर आराम कर रहा है।

क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों के दौरान उसके द्वारा बिजा छाल, तेंदू जड़, चार छाल समेत अन्य वनस्पतियों को खाने की जानकारी भी सामने आई है। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग लगातार उसकी निगरानी कर रहा है।

10 गांवों को किया गया अलर्ट

हाथी की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने खुड़सा, सिलयारी, बाहरा, गनियारी, फुलझर, जोगीडिपा, चरौदा, बहानाकाड़ी, छुईहा और जमाही गांवों के ग्रामीणों को सतर्क किया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई है।

फसल को नुकसान, जनहानि की सूचना नहीं

वन विभाग के मुताबिक हाथी की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में फसल क्षति की जानकारी सामने आई है। हालांकि अभी तक मकान या अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

वन विभाग की टीम लगातार कर रही निगरानी

हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है। दल प्रमुख जतीराम कंवर (SCFO), अनिल राव कृदत्त, योगेश वर्मा, सरिता साहू और लुकेश साहू सहित सहायक दल के प्रदीप यादव, रवि महिलांग, नितिन साहू, तिलक साहू, कैलाश धीवर और वाहन चालक समारू साहू निगरानी में जुटे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी की सूचना मिलने पर जंगल की ओर जाने से बचें। अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं और हाथी को देखने, उसका पीछा करने या उसके करीब जाने की कोशिश बिल्कुल न करें। वन विभाग ने ग्रामीणों से किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल विभागीय टीम को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button