स्कूलों की समस्याओं को लेकर छात्र सड़क पर, शिक्षा मंत्री का पलटवार- कांग्रेस पर लगाया बच्चों को उकसाने का आरोप

रायपुर : दिल्ली के जंतर-मंतर में नीट परीक्षा लीक को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद छत्तीसगढ़ में भी इसका प्रभाव दिख रहा है. Gen-Z के बाद, अच्छी शिक्षा, टीचरों की कमी जैसे मुद्दे पर पर अब Gen Alpha सड़कों पर उतर आए हैं. प्रदेशभर में स्कूली बच्चों के प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को उकसा कर कांग्रेस प्रदर्शन करवा रही है.
स्कूली छात्रों के प्रदर्शन पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र ने कांग्रेस को घेरा
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अलग-अलग जिलों से सामने आ रहे स्कूली छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के कारण यह प्रदर्शन हो रहे हैं. बच्चों को आगे कर कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन कर रही है. सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है.
कांग्रेस जनित प्रदर्शन : मंत्री गजेंद्र यादव
मंत्री गजेंद्र स्कूली छात्रों के प्रदर्शन को कांग्रेस जनित प्रदर्शन करार दिया और कहा कि सरकार प्रदेशभर में 8 हजार शौचालय का निर्माण करने वाली है. कांग्रेस श्रेय की राजनीति कर रही है. बच्चों को उकसा कर उनसे प्रदर्शन करवाया जा रहा है.
कांग्रेस में लड़ाई नई बात नहीं
युवा कांग्रेस चुनाव पर सियासी घमासान मचा हुआ है. इस मामले में मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस में लड़ाई नई बात नहीं है. भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच लड़ाई शुरू से है. इस बार भी नीचा दिखाने के लिए एक दूसरे खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.
भाजपा में लगातार बैठक होती है : मंत्री गजेंद्र
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हो रही मैराथॉन बैठकों को लेकर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा दिया कि बीजेपी में लगातार काम काज को लेकर बैठक होती है. लगातार प्रभार जिलों में भी बैठक करते हैं. समस्याओं को निराकरण करने का प्रयास करते हैं.







