छत्तीसगढ़ भाजपा ने कसी कमर, तिरंगा यात्रा से सेवा दिवस तक की रणनीति तैयार; प्रभारी मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा

रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा विधायक भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर मंथन किया गया। सरकार की योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाजपा की बैठक को लेकर सांसद संतोष पांडेय ने कहा, आज तिरंगा यात्रा के विषय में विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा दिवस मनाया जाएगा, जिसकी रूपरेखा पर भी चर्चा हुई है।

प्रभारी मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा

बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्रियों के कामकाज की भी समीक्षा की गई। जिलों में संगठन और सरकार के बीच समन्वय, स्थानीय स्तर पर गतिविधियों तथा कार्यकर्ताओं से जुड़े विषयों पर फीडबैक लिया गया। बैठक में तिरंगा यात्रा को लेकर जिला और मंडल स्तर के कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

आगामी रणनीति पर हुआ मंथन

भाजपा की इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button