सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता: 90.28 लाख की धोखाधड़ी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

सक्ती :  सक्ती जिले की बाराद्वार पुलिस ने लाखों रुपये की संगठित धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने सोना नवीनीकरण और ऋण अवधि बढ़ाने का झांसा देकर एक परिवार से 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की ठगी की थी।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जेठा निवासी मूलचंद राठौर (48) ने थाना बाराद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि पेण्ड्रा निवासी रेखा राठौर, पुष्पांजली राठौर, अफरोज खान और सुभाष साहू ने संगठित षड्यंत्र के तहत सोना नवीनीकरण और लोन अवधि बढ़ाने का लालच देकर उसके, उसकी पत्नी और दोनों बेटों के बैंक खातों से UPI, NEFT, RTGS और IMPS के माध्यम से अलग-अलग खातों में कुल 90.28 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।

शिकायत के आधार पर थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2) और 112 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, आईजी राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देश पर थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए एक महिला और दो पुरुष आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अधिक पैसा कमाने की नीयत से योजना बनाकर 31 अक्टूबर 2025 से 5 अगस्त 2026 के बीच मूलचंद राठौर और उसके परिवार के बैंक खातों से विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से कुल 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की ठगी की।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने कहा कि धोखाधड़ी, लूट, डकैती और अन्य संगीन अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिला पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button