तृषा विवाद में घिरे उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, FIR के बाद चेन्नई पुलिस की बड़ी कार्रवाई

चेन्नई पुलिस ने पूर्व डिप्टी सीएम और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया है, तमिलनाडु पुलिस उन्हें घर से उठाकर ले गई। उससे पहले डीएमके के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था, जो विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के घर के बाहर की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। बता दें कि उदयनिधि स्टालिन को एक रैली में एक्ट्रेस तृषा के खिलाफ दी गई विवादित टिप्पणी के मामले में हिरासत में लिया गया है। तृषा के खिलाफ की गई बयानबाजी के बाद स्टालिन को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस के अतिरिक्त कमिश्नर नरेंद्रन नायर ने पुष्टि की है कि CM विजय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी।
स्टालिन को घर से उठा ले गई पुलिस
DMK नेता और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई स्थित उनके घर से उठा ले गई थी पुलिस, हिरासत में लेने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उदयनिधि पर अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में FIR दर्ज की गई थी। कल उनकी रैली में अभिनेत्री तृषा के खिलाफ नारे लगाए गए थे। जिस रास्ते से उदयनिधि को पुलिस लेकर जा रही है उस ECR रोड पर DMK के समर्थकों ने उस सड़क को जाम कर दिया है और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं, पुलिस सबको सड़क से हटा रही है।
टीवीके ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के अभिनेत्री तृषा के लिए दी गई भद्दी टिप्पणी के खिलाफ सत्तारूढ़ TVK ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद चेन्नई में मौजूद उदय निधि स्टालिन के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उदयनिधि स्टालिन के बारे में सूचना मिल रही है कि उन्हें चेन्नई से तंजावुर ले जाया जा रहा है वहां औपचारिकता पूरी करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।







