PCC चीफ के लिए उमेश पटेल के समर्थन में पोस्ट करना पड़ा भारी, कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को नोटिस जारी

रायपुर :  छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर एक बार फिर घमासान मच गया है। दिल्ली दौरे से वरिष्ठ नेताओं के लौटने के बाद PCC चीफ को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर विवाद सामने आया है। इसी मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक, अरुण मालाकार ने फेसबुक पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उमेश पटेल के नेतृत्व को लेकर एक पोस्ट किया था। संगठन ने इस पोस्ट को पार्टी की छवि को धूमिल करने वाला और अनुशासन के विपरीत माना है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर संगठन की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया।

नोटिस में अरुण मालाकार से तीन दिन के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में जवाब नहीं देने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button