नकली पनीर बनाने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने मारा छापा, सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेजा लैब…

रायपुर : राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में केमिकल की मदद से नकली पनीर बनाए जाने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल जब्त किया है। कांग्रेस का आरोप है कि फैक्ट्री में बिना दूध के पनीर तैयार किया जा रहा था। इस पूरे मामले का वीडियो साक्ष्य होने का दावा भी किया गया है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

कांग्रेस नेता नवाज खान के आरोप के मुताबिक, फैक्ट्री संचालक ने कैमरे पर यह स्वीकार किया है कि उसकी संबंधित अधिकारियों से सेटिंग है, जिसके चलते उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। इस बयान के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस नेता नवाज का कहना है कि मामले की सूचना मिलने के बावजूद खाद्य विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान फैक्ट्री संचालक ने तैयार माल और अन्य सामग्री को आनन-फानन में छिपा दिया।

कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन से 24 घंटे के भीतर फैक्ट्री को सील करने और संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो खाद्य विभाग का घेराव किया जाएगा।

जांच के लिए सैंपल जब्त किया गया है : खाद्य अधिकारी

इस मामले में खाद्य अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता का कहना है कि नकली पनीर की शिकायत के आधार पर छापा मारा गया था, जहां से जांच के लिए सैंपल जब्त कर लैब भेजा गया है। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि पनीर असली है या नकली है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button