रफ्तार का कहर : यात्री बस ने कार को मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौके पर मौत, दो घायल

कोंडागांव :कोंडागांव जिले में रविवार की सुबह यात्री बस और कार के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया. जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की बस तेज रफ्तार यात्री बस ने कोंडागांव से गीदम जा रही कार को घोड़ा गांव के पास जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद अनियंत्रित बस सड़क किनारे जंगल की ओर जा घुसी.

ग्रामीणों ने यात्रियों को निकाला बाहर

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस काफी तेज गति से चल रही थी. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

लापरवाह चालकों पर सख्ती की मांग

जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार से चलने वाली यात्री बसों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले में बसों की बेलगाम रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है. लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button