जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद का सशक्त माध्यम…. कलेक्टर

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, 38 आवेदनों का त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

बेमेतरा :आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले भर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी।

जनदर्शन के दौरान कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बैटरी चलित ट्रायसाइकल, प्रधानमंत्री आवास योजना, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने और आम रास्ता खुलवाने सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी मांगें और शिकायतें रखीं।

कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने प्रत्येक आवेदन पर व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेते हुए कई प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर और समक्ष बुलाकर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि गंभीर एवं जांच योग्य प्रकरणों को समय-सीमा (टीएल) पंजी में दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रत्येक आवेदन का निराकरण संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाएगा। उन्होंने सभी आवेदकों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button