बारिश बनी काल! तेज बहाव में बहा ग्रामीण, SDRF ने 48 घंटे बाद बरामद किया शव

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने गए 52 वर्षीय बंधु लोहार उफनते नाले के तेज बहाव में बह गए। लगातार दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने उनका शव बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को बंधु लोहार गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश के कारण नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और तेज बहाव में वह बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। हालात को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि अंधेरा और तेज बहाव के चलते अभियान बीच में रोकना पड़ा।

बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ ने दोबारा संयुक्त रूप से तलाश शुरू की। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है, जिससे तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान और भी मुश्किल हो गया था।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button