भीषण गर्मी से मिली राहत, रायपुर सहित कई जिलों में बारिश; मौसम विभाग का अलर्ट

रायपुर :मानसून से पहले राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में शुक्रवार को मौसम खुशनुमा हो गया. इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने से तापमान में 2-5 डिग्री की गिरावट हुई. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. अगले 4 दिनों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवा, वज्रपात और हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है.

रायपुर के अलावा अन्य कई जगहों पर अच्छी, जबकि पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई. आमतौर पर मानसून शुरू होने के बाद यह स्थिति बनती है, लेकिन इस साल मई में मौसम बदला हुआ है. पिछले 15 दिन से लगातार प्रदेश मं बारिश और बादलों की स्थिति है. प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

शुक्रवार सुबह हुई बारिश

  • कसडोल 60 मिमी
  • कोमाखान 40 मिमी
  • गिरौदपुरी 30 मिमी
  • बलौदाबाजार 20 मिमी
  • भाटापारा 20 मिमी
  • कोटा  20 मिमी

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून 26 मई को केरल तट पर पहुंचने की संभावना बन रही है. एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है. इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक पश्चिमी विक्षोभ 60 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. वहीं  एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पश्चिम मध्य प्रदेश से उत्तर बांग्लादेश तक पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इन प्रणालियों से शनिवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. साथ ही गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के आसार हैं. अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. इसके अलावा प्रदेश में 17 मई से अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. शनिवार को आसमान में बादल छाने के अलावा वर्षा या गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button