महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 1 लाख 57 हजार 359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण

महासमुंद, 27 अप्रैल 2026 : जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का ई-केवाईसी  का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ इस अभियान के तहत जिले में कुल 3 लाख 3 हजार 808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना निर्धारित है। अब तक 1 लाख 57 हजार 359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, शेष 1 लाख 46 हजार 449 हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी जटवार ने बताया कि शेष हितग्राहियों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चयनित ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालय भवनों में वीएलई के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही सुविधाजनक तरीके से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर सकें। उन्होंने बताया कि जिन हितग्राहियों के आधार से संबंधित त्रुटियां थीं, उनका निराकरण राज्य स्तर पर ऑटो करेक्शन के माध्यम से कर दिया गया है। अब किसी भी हितग्राही को त्रुटि सुधार के लिए परियोजना या जिला कार्यालय जाने अथवा आवेदन पत्र भरने की आवश्यकता नहीं है।

हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी के आधार पर कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अपने नजदीकी शिविर में जाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं। यदि किसी हितग्राही का ई-केवाईसी रिजेक्ट हो जाता है, तो वे दो दिन बाद पुनः प्रयास करें, क्योंकि इस अवधि में प्रोफाइल स्वतः अपडेट हो जाती है। उन्होंने बताया कि त्रुटि सुधार केवल उन्हीं मामलों में किया जाएगा, जिनमें जेंडर (लिंग) संबंधी त्रुटि पाई जाती है। जेंडर सुधार के बाद संबंधित हितग्राही को पुनः ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराना आवश्यक होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button