CG में फिर लौटी लू, राजनांदगांव सबसे गर्म; दो-तीन दिन में बदल सकता है मौसम

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ता तापमान लोगों को खूब सता रहा है. तापमान 43 से अधिक दर्ज किया जा रहा है. एक बाद फिर शहर में 44 डिग्री सेल्सियस वाली गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है. इस बीच बस्तर इलाके में दक्षिण से आने वाली हवा राहत दे सकती है. बंगाल की खाड़ी वाली नमी युक्त हवा का असर दो से तीन दिन रहने के आसार हैं.

राजनांदगांव में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज

पिछले चौबीस घंटे में रायपुर में एक डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ा है. शुक्रवार को दिन चढ़ते ही शुरू हुई गर्मी दोपहर बाद जलन पैदा करने वाली स्थिति में पहुंच गई. इससे ग्रीष्म लहर के लौटने का अहसास हुआ. शुक्रवार को सबसे ज्यादा गर्म राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम अंबिकापुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में दो दिन बाद कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं. वहीं एक-दो जगहों पर गरज चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा चल सकती है. इसके अलावा एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है.

अधिकतम तापमान में वृद्धि के आसार 

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक बिहार, झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. दूसरा द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक तेलंगाना, अंदरूनी कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक प्रति चक्रवात (एंटी साइक्लोन) महाराष्ट्र और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इन सभी के कारण प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है. मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसे स्थिति बने रहने की आशंका है. 26 अप्रैल से दक्षिण बस्तर के जिलों में गर्मी से राहत रहने की संभावना बन रही है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में आज ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button