राहत के आसार नहीं: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गर्मी की मार

रायपुर : छत्तीसगढ़ के मध्य इलाके में गर्मी का प्रकोप जारी है. शनिवार को राजनांदगांव का तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया, वहीं दुर्ग और रायपुर में 43 डिग्री की गर्मी ने कहर बरपाया है. शहरी इलाके में दिन के साथ रात भी उबल रही है और यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक ज्यादा हो गया है. गर्मी से राहत और मौसम में बदलाव की संभावना अभी दिखाई नहीं पड़ रही है.

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश का मध्य इलाका गर्मी की चपेट में पूरी तरह आ चुका है. इन क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में औसतन एक डिग्री की बढ़ोतरी हो रही है. रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव में लू जैसे हालत बने हुए हैं. पिछले चौबीस घंटे में शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक था.

प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने और एक-दो स्थानों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है. वहीं दो दिनों के बाद कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है. साथ ही  गरज चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने के आसार हैं.

शनिवार को राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा. शनिवार को सबसे ज्यादा राजनांदगांव में 45 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, राॅयल सीमा और तमिलनाडु तक विस्तारित है.  एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर फैला हुआ है. एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार, अप हिमालयीन पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय तक विस्तारित है. वहीं एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरूनी कर्नाटक के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इन मौसम प्रणालियों की वजह से प्रदेश में 19 अप्रैल को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं. ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रह सकती है. बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट संभावित है.

रायपुर में दिन-रात गर्मी का अहसास 

राजधानी में आज अच्छी गर्मी पड़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग ने आज ग्रीष्म लहर और रातें गर्म होने की संभावना जताई है. रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button