रफ्तार का कहर: अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर स्कॉर्पियो ने मचाया तांडव, 3 की मौत

अंबिकापुर : अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर सीमा से लगे ग्राम भिट्ठीकला में बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर पैदल जा रही महिलाओं को कुचल दिया।

दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं। इसमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में तीन महिलाओं की मौत

दुर्घटना के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सामने से आ रही ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक को जमकर पीटा। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा हुआ है। घायल चालक को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से लगे भिट्ठीकला में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार आना-जाना करने वाले लोग सड़क किनारे फुटपाथ का उपयोग करते हैं।

रविवार शाम को महिलाएं बाजार से लौट रही थी। सड़क के दोनों ओर भीड़भाड़ थी। भिट्ठीकला चौराहे के पास लोगों की संख्या अधिक थी। उसी दौरान अंबिकापुर की ओर से स्कॉर्पियो जा रही थी। स्कॉर्पियो की गति तेज थी।

अचानक सड़क पर लोगों की भीड़ देख चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। तेज गति की स्कॉर्पियो लोगों को कुचलते हुए सामने से आ रही ट्रक से जा टकराई।

स्कॉर्पियो से कुचलने के कारण महिलाएं सड़क पर इधर-उधर गिर गई। चीख पुकार के बीच अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। मौके पर कोहराम मच गया।

इधर तेजी से भागने के प्रयास में स्कॉर्पियो सामने से आ रही ट्रक से टकरा गई। स्कॉर्पियो के कुचलने से तीन महिलाओं की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो का चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, उसे लोगों ने पकड़ लिया। चालक की बेदम पिटाई की गई। तब तक अंबिकापुर से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में कई लोग जख्मी हुए हैं। सभी का इलाज जारी है।दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

इन महिलाओं की हुई मौत

दुर्घटना के तत्काल बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।घटनास्थल से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया। यहां जांच के बाद तीन महिलाओं के मौत की पुष्टि चिकित्सकों ने की।

मृतकों में जोगीबांध निवासी रामबाई (50) मुन्नी बाई (40) श्यामपति (40) शामिल है। यह तीनों बाजार से घर वापस लौट रही थी। स्कॉर्पियो चालक पारस राजवाड़े घटनास्थल के नजदीक ग्राम रामपुर का बताया जा रहा है।

ग्रामीणों की पिटाई से उसे भी गंभीर चोट आई है। गंभीर रूप से घायल एक युवती को आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल

घटना से भिट्ठीकला में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया है। मार्ग के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है।

इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं लेकिन गति पर नियंत्रण के लिए कोई उपाय नहीं किए जाने के कारण ग्रामीण नाराज हैं। उनकी मांग मृतकों को आर्थिक सहायता तथा घटनास्थल पर गति नियंत्रण के ठोस उपाय किए जाने की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button