धमाकेदार बल्लेबाजी: सूर्यवंशी-जायसवाल ने IPL में बनाया नया कीर्तिमान

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 9वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और उनकी टीम 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। राजस्थान को इस मैच राजस्थान रॉयल्स टीम की धाकड़ ओपनिंग जोड़ी यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मिलकर टीम को एक शानदार शुरुआत देने का काम किया जिसमें दोनों के बीच में पहले विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी देखने को मिली जिसके दम पर वह एक बड़ा कीर्तिमान भी बनाने में कामयाब रहे।
वैभव-यशस्वी इस मामले में बने सबसे तेज भारतीय जोड़ी
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में अपनी टीम को शानदार शुरुआत देने के साथ पहले 6 ओवर्स में स्कोर बिना किसी नुकसान के 69 रन पहुंचा दिया था। इसके बाद 70 के स्कोर पर राजस्थान को पहला झटका वैभव सूर्यवंशी के रूप में लगा जो 31 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके पहले यशस्वी और वैभव मिलकर एक बड़ा रिकॉर्ड आईपीएल में मिलकर अपने नाम करने में कामयाब रहे। आईपीएल इतिहास में वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल अब सबसे कम गेंदों में मिलकर 500 रन बनाने वाली भारतीय जोड़ी बन गई है। इससे पहले ये रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम पर था, जिन्होंने 309 गेंदों में मिलकर 500 रन जोड़े थे। वहीं वैभव और यशस्वी ने ये कारनामा सिर्फ 248 गेंदों में मिलकर कर दिया। यशस्वी जायसवाल के बल्ले से इस मैच में 36 गेंदों में 55 रनों की शानदार पारी देखने को मिली।
ध्रुव जुरेल ने खेली 75 रनों की बेहतरीन पारी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम को 200 प्लस स्कोर तक पहुंचाने में ध्रुव जुरेल ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिनको इस मुकाबले में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने का मौका मिला था। जुरेल ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस मैच में गुजरात टाइटंस की टीम अपने नियमित कप्तान शुभमन गिल के बिना ही खेल रही है, जिसमें उनकी जगह पर कप्तानी की जिम्मेदारी राशिद खान संभाल रहे हैं।







