मारजूम प्रवास के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी की पहल रंग लाई, समाधान शिविर में कई समस्याओं का मौके पर निराकरण

किरंदुल : कटेकल्याण जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मारजूम सहित अति संवेदनशील क्षेत्रों में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी के प्रवास के बाद जिला प्रशासन द्वारा त्वरित पहल करते हुए समाधान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा कलेक्टर को दिए गए लिखित आवेदन के परिपालन में आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु शिविर लगाने की मांग की थी। कलेक्टर द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह शिविर आयोजित हुआ।

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने अपने प्रवास के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मारजूम एवं आसपास के ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया था और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया था।

आयोजित समाधान शिविर में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 153 आयुष्मान कार्डों का मौके पर ही वितरण किया गया। इसके साथ ही 4 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 12 आधार कार्डों को अपडेट किया गया।

कृषि क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए 22 किसानों का एग्रोटेक पंजीयन (एग्रोटेक) किया गया, जिससे उन्हें शासन की कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा।

इसके अलावा राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े गए एवं नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सर्वे कर उनके समाधान हेतु त्वरित कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे आमजन को तत्काल राहत मिली और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।

प्रशासन स्पष्ट किया है कि शेष समस्याओं के समाधान हेतु भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि अंतिम छोर तक बसे प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button