लापरवाही पड़ी भारी: आंगनवाड़ी केंद्रों पर कलेक्टर की सख्त कार्रवाई

कोंटा: जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभागीय कार्यों में कसावट लाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की जा रही है।

इसी क्रम में विगत दिनों कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को निलंबित किया गया था। अब महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की भी गहन समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर स्वयं फील्ड में जाकर आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, हितग्राहियों को प्रदाय की जा रही सुविधाओं एवं बच्चों के लिए संचालित ईसीसीई गतिविधियों का जायजा ले रहे हैं। हाल ही में जिले के सुदूरवर्ती ग्राम निमलगुड़ा के निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों द्वारा ग्राम करीगुंडम की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कलमु मंजू के संबंध में गंभीर शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित कार्यकर्ता कई महीनों से अनुपस्थित हैं, ग्राम में निवास नहीं कर रही हैं तथा आंगनवाड़ी केंद्र का संचालन भी नहीं किया जा रहा है। इसी प्रकार ग्राम पालोडी की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नागमनी के विरुद्ध भी शिकायत प्राप्त हुई कि वे कोंटा में निवास करते हुए लंबे समय से केंद्र का संचालन नहीं कर रही हैं।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमित कुमार ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा विभागीय अधिकारियों को तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में विभागीय समिति द्वारा जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। पूर्व में जारी नोटिस एवं जांच के आधार पर जनपद पंचायत कोंटा की शिक्षा समिति से अनुमोदन प्राप्त कर परियोजना अधिकारी द्वारा दोनों कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया गया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा बच्चों को पोषण आहार एवं प्रारंभिक शिक्षा गतिविधियां समय पर उपलब्ध कराई जाएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, विभागीय पर्यवेक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा भी नियमित रूप से समय-सीमा बैठक में की जा रही है। कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button