विष्णु के सुशासन में संवर रहा प्रदेश : विधायक रोहित साहू

 

 

 गरियाबंद / छुरा : छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सरकार के सुशासन और विकास कार्यों की झलक अब गांव-गांव में दिखाई देने लगी है। यह बात राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने ग्राम पंचायत कनेसर के स्कूल प्रांगण में नवनिर्मित रंगमंच के लोकार्पण तथा आश्रित ग्राम जुनवानी में सीसी रोड निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कही।
कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष छुरा श्रीमती मीरा ठाकुर ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जनपद सदस्य अवधराम साहू, हेमंत सिन्हा (भाजपा मंडल अध्यक्ष खड़मा), पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप पांडेय, मंडल महामंत्री पालेंद्र साहू, सरपंच योगेश ध्रुव, उपसरपंच लता मूलचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ की राशि
विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश के लाखों किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपए की बोनस राशि अंतरित की गई है, जो सरकार की किसान हितैषी नीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों और गरीबों की अपनी सरकार है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा उद्देश्य है।उन्होंने आगे कहा कि “विष्णु का सुशासन” प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू है। गांव-गांव में अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। सड़कों का निर्माण, सामुदायिक भवनों का उन्नयन और शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक मंचों की स्थापना जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति से छत्तीसगढ़ का हर कोना विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

गांवों की बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता
जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक के नेतृत्व में छुरा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसे कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जा रहा है। ग्राम विकास से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।

शिक्षा और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि कनेसर के स्कूल प्रांगण में रंगमंच के निर्माण से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। इससे सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और सामाजिक आयोजनों में भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं, विशेषकर महतारी वंदन योजना और किसान हितैषी निर्णय, समाज के हर वर्ग तक लाभ पहुंचा रहे हैं।
कार्यक्रम को भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर ग्राम कनेसर एवं जुनवानी के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button