मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश का आरोप, जीवित मतदाताओं को साथ लेकर थाना पहुँचे ग्रामीण

छुरिया : खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गैंदाटोला में मतदाता सूची से जीवित एवं पात्र मतदाताओं के नाम फर्जी तरीके से कटवाने की कथित साजिश का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रभावित मतदाता जीवित मतदाताओं को साथ लेकर थाना गैंदाटोला पहुँचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच व कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम डुमरडीह निवासी ढाल दास साहू एवं ग्राम बड़गांव निवासी पुनउ राम चुरेंद्र द्वारा ग्राम गैंदाटोला के स्थायी, जीवित एवं पात्र मतदाताओं के नामों पर झूठी एवं भ्रामक दावा-आपत्तियां प्रस्तुत कर मतदाता सूची से नाम कटवाने का प्रयास किया गया। शिकायत में इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाला गंभीर एवं आपराधिक कृत्य बताया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब इस मामले की जानकारी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से ली गई, तो उनके द्वारा भी इस प्रकार की दावा-आपत्तियों के आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की गई। जिन मतदाताओं के नामों पर आपत्ति लगाई गई है, वे सभी वर्तमान में जीवित हैं, ग्राम में निवासरत हैं और स्वयं दस्तावेजों के माध्यम से अपना अस्तित्व प्रमाणित करने को तैयार हैं। इस पूरे प्रकरण में पंचनामा तैयार कर दस्तावेजों सहित शिकायत थाने में प्रस्तुत की गई है।

शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य न केवल लोकतंत्र की निष्पक्षता पर हमला है, बल्कि भारतीय दंड संहिता एवं निर्वाचन कानूनों के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि झूठी दावा-आपत्ति लगाने वालों के विरुद्ध FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा ग्राम गैंदाटोला के मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आम नागरिकों का लोकतांत्रिक व्यवस्था से विश्वास डगमगा सकता है। वहीं थाना प्रभारी ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ करने एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।इस अवसर पर प्रकाश शर्मा, राजिल कुरैशी,नरेंद्र मानिकपुरी,मनोज कोचे,पन्नालाल देवांगन,उत्तम सोनी,चम्मन साहू,गोलू साहू,अजय साहू,अजीम खान सहित अनेक ग्रामीण व प्रभावित मतदाता शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button