दुर्ग में जुआ खेलते 21 आरोपी गिरफ्तार:1.91 लाख कैश, कार-बाइक और मोबाइल समेत 9.66 लाख का माल जब्त

दुर्ग: जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रवेलीडीह में जुए की फड़ पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 91 हजार रुपए कैश, एक कार, 10 बाइक और 25 मोबाइल समेत कुल 9 लाख 66 हजार रुपए का मशरुका जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार नंदिनी नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम रवेलीडीह में टीकाराम वर्मा के घर पर कुछ लोग रुपए-पैसे का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू टीम का गठन किया गया और तत्काल मौके पर दबिश दी गई। रेड के दौरान पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर जुए की फड़ पर छापा मारा। मौके से 52 पत्ती ताश के साथ 21 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1 लाख 91 हजार रुपए नकद, एक आल्टो कार जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है।

7 बाइक जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपए, और 25 मोबाइल जिनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है। कुल मिलाकर 9 लाख 66 हजार रुपए का मशरुका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में खुर्सीपार, सूरडंग, दुर्ग, स्मृति नगर, कोहका, नगपुरा, वैशाली नगर, जामुल, खपरी, रामपुर, बोडेगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना नंदिनी नगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button