मेला में हत्या, जंपिंग झूला में कूदने को लेकर विवाद, चाकू मारकर युवक को उतारा मौत के घाट, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार…

खैरागढ़ :  ग्राम पिपलाकछार में आयोजित मंडई मेले के दौरान हुए सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है.

पुलिस के अनुसार, घटना 13 जनवरी 2026 की है. प्रार्थी देशबंधु पटेल की रिपोर्ट पर दर्ज मामले में बताया गया कि ग्राम पिपलाकछार के बाजार चौक में मंडई मेला चल रहा था. इसी दौरान शाम करीब 7 बजे कुछ युवकों के बीच झूले में कूदने को लेकर विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ता देख मोरध्वज पटेल (26) बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचा, तभी आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने उस पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया.

हमले में गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया. इलाज के दौरान मोरध्वज की मौत हो गई.

पुलिस विवेचना में सामने आया कि बीच-बचाव के दौरान मृतक की विधि से संघर्षरत बालक से भी कहासुनी हुई थी. इसी दौरान उसने भीड़ का फायदा उठाते हुए चाकू से पेट पर जानलेवा वार किया. मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 14 जनवरी को मुख्य आरोपी हेमचंद निषाद निवासी अमलीडीह खुर्द को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है.

पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button