भाजपा सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना बंद करना जनता पर सीधा अत्याचार : काँग्रेस

रायपुर : शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन गांधी मैदान में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे एवं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष उधो राम वर्मा उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना को बंद किए जाने की निंदा की और इसे आम जनता के खिलाफ एक जनविरोधी फैसला बताया। काँग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के उपर आरोप लगाते हुए कहा कि इस योजना के बंद होने से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर बिजली बिल का भारी बोझ पड़ रहा है।कांग्रेस सरकार ने 400 यूनिट तक के उपभोग पर बिजली बिल हाफ किया था, जिससे प्रदेश के 44 लाख से अधिक परिवारों को राहत मिली थी।

अब भाजपा सरकार ने इसे घटाकर 100 यूनिट कर दिया है, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता योजना से बाहर हो गए हैं। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने कहा भाजपा सरकार गरीबों के अधिकार छीन रही है। कांग्रेस सरकार ने जनता को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना शुरू की थी, जिसे भाजपा ने बंद कर दिया। हम चुप नहीं बैठेंगे, जनता के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेंगे।

पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने कहा महिलाओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा। रसोई का खर्च बढ़ा हैं उपर से बिजली का बिल डबल हो जाएगा। भाजपा सरकार को गरीबों की कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा रायपुर जैसे शहरी क्षेत्रों में भी लोग अब बिजली बिल से त्रस्त हैं। स्मार्ट मीटर के नाम पर लूट मची हुई है। हम मांग करते हैं कि बिजली बिल हाफ योजना तत्काल बहाल की जाए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा जब कांग्रेस की सरकार थी तो 24 घंटे बिजली मिलती थी। आज गांव-शहर दोनों में बिजली संकट है। भाजपा सिर्फ उद्योगपतियों की चिंता करती है, जनता की नहीं। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष उधो राम वर्मा ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के बिलों ने लोगों की कमर तोड़ दी है। खेतों में पंप चलाना मुश्किल हो गया है। भाजपा ने अंधेरगर्दी मचा दी है। हम गांव-गांव जाकर इस मुद्दे को उठाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button