एन ई एस का हुआ ग्रीन ऑडिट: NAAC द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास

 

शासकीय आर.बी.आर. एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर का हाल ही में रॉयल असेसमेंट प्राइवेट लिमिटेड ( RAPL ) द्वारा ‘ग्रीन ऑडिट’ किया गया। यह पहल महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में की गई, जिसका उद्देश्य महाविद्यालय परिसर में पर्यावरणीय संरक्षण, संसाधनों के स्थायी उपयोग को बढ़ावा देना और पर्यावरण जागरूकता फैलाना रहा।
ग्रीन ऑडिट के तहत परिसर में जल, ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, वृक्षारोपण, और जैव विविधता से संबंधित कई बिंदुओं का निरीक्षण किया गया।

आईक्यूएसी (IQAC) समन्वयक डॉ. ए के श्रीवास्तव ने कहा, “ग्रीन ऑडिट का मुख्य उद्देश्य हमारे शैक्षणिक परिसर को एक हरित, स्वच्छ और सतत विकास समर्थ परिसर के रूप में विकसित करना है। यह ऑडिट न केवल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करता है, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है। NAAC संयोजक श्री डी आर राठिया ने कहा कि यह प्रक्रिया राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है जो हमारे संस्थान को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय रूप से भी सशक्त बनाते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए आर बैरागी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम भी है। यह कदम भविष्य में जिले के अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।इस अवसर पर आईक्यूएसी (IQAC) के सह-संयोजक डॉ. विनय तिवारी ने कहा कि,ग्रीन ऑडिट न केवल हमारी पर्यावरणीय जिम्मेदारियों की याद दिलाता है, बल्कि यह हमें सतत विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित भी करता है। यह पहल महाविद्यालय को पर्यावरण के प्रति जागरूक संस्थान के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।इस महत्वपूर्ण पहलू पर प्राचार्य ने आईक्यूएसी (IQAC) के सभी सदस्यों रिजवाना खातून, विश्वनाथ प्रताप सिंह, डॉ. हरिकेश कुमार, वरुण श्रीवास एवं संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया को देख रहे नीतेश गुप्ता जी को इस सराहनीय कदम हेतु बधाई देते हुए प्रशंसा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button