70 साल से रह रहे बंगाली परिवारों की पुनर्वास जमीन की रजिस्ट्री में अड़चन, सीएम साय से जांच की मांग

अंबिकापुर :  छत्तीसगढ़ में लंबे समय से रह रहे विस्थापित बंगाली परिवारों को आवंटित पुनर्वास भूमि की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री में आ रही समस्याओं का मामला अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंच गया है. बंग समाज के प्रतिनिधियों ने रविवार को अंबिकापुर में मुख्यमंत्री साय को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने जमीन के क्रय-विक्रय और पंजीयन में आ रही समस्याओं के निराकरण की मांग की है. इस पर मुख्यमंत्री साय ने मामले में जांच का आश्वासन दिया है.

दरअसल, बंग समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ में पिछले 70 वर्षों से अधिक समय से निवास कर रहे बांग्ला भाषी विस्थापित परिवारों को भारत सरकार के पुनर्वास विभाग की ओर से भूमि आवंटित कर पट्टा प्रदान किया गया था. छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र क्रमांक 118, दिनांक 31 मार्च 2023 में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, पुनर्वास और विस्थापन योजना के तहत आवंटित शासकीय भूमि के क्रय-विक्रय के लिए 20 वर्ष से अधिक समय बीतने पर कलेक्टर की पूर्व अनुमति की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है.

समाज का आरोप है कि इसके बावजूद प्रदेश में इस आदेश का पालन नहीं हो रहा है. ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि कई मामलों में नियमानुसार कलेक्टर और अधिकृत अधिकारी से अनुमति मिलने के बाद भी उप-पंजीयक कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री नहीं की जा रही है. उप-पंजीयक कार्यालय की ओर से मौखिक आदेश का हवाला देते हुए पुनर्वास भूमि के क्रय-विक्रय और पंजीयन से इनकार किए जाने की बात कही गई है.

बंग समाज ने मुख्यमंत्री से राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और पुनर्वास, शासकीय पट्टा एवं सिंधेत योजना के तहत आवंटित भूमि की खरीद-बिक्री के लिए कलेक्टर की अनुमति की अनिवार्यता तत्काल समाप्त करने का अनुरोध किया है.

बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को अंबिकापुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 140वां एपिसोड सुना.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button