छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर के खिलाफ सख्ती, दो दिन में करीब 1600 किलो पनीर नष्ट

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में करीब 1,500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। पनीर को वाहन में 30 बॉक्स में भरकर ले जाया जा रहा था।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने साल्हेवारा पुलिस टीम के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 से परिवहन किए जा रहे पनीर के 30 बॉक्स बरामद कर खाद्य विभाग को सौंपे। विभाग के अनुसार, किसी व्यक्ति या फर्म ने इस सामग्री पर अपना स्वामित्व या दावा प्रस्तुत नहीं किया।

बॉक्स पर नहीं मिली निर्माण और समाप्ति तिथि की जानकारी

जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स का निरीक्षण करने पर खाद्य विभाग को कई अनियमितताएं मिलीं। किसी भी बॉक्स पर सामग्री में इस्तेमाल किए गए घटकों (Ingredients), निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच या लॉट नंबर, निर्माता फर्म का नाम-पता और संपर्क नंबर जैसी अनिवार्य जानकारियां दर्ज नहीं थीं।

विभाग ने राज्य शासन द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर लगाए गए प्रतिबंध को ध्यान में रखते हुए करीब 1,500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर का विनष्टीकरण करा दिया।

दो दिन पहले रायपुर में भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले दो दिन पूर्व रायपुर में भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने करीब 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बीच विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है।

नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button