बारिश बनी आफत! छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, मुख्यमंत्री साय ने जारी किए निर्देश

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और बिगड़े मौसम के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार, 26 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के साथ ही नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी है।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बारिश के बीच स्कूली बच्चों को किसी भी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें। साथ ही, बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

कलेक्टरों को आदेश के पालन के निर्देश

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को स्कूलों में अवकाश के आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बारिश के चलते जलभराव, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और संभावित आवागमन संबंधी परेशानियों को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button