मौसम ने फिर बदली करवट! छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट, जानें रायपुर का मौसम

रायपुर :छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम बदला, हालांकि उमस भरी गर्मी से लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिली। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां लगातार जारी हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और इसके आगे और मजबूत होने की संभावना जताई गई है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
आज कई इलाकों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
बारिश के साथ गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम छत्तीसगढ़ पर डालेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित था।
यह सिस्टम पिछले छह घंटे में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना जताई गई है।
इस मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है।
जगदलपुर में तापमान 30 डिग्री से नीचे
दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश की गतिविधियों के कारण जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। वहीं प्रदेश के कुछ अन्य हिस्सों में उमस का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
सबसे अधिक बारिश:
कवर्धा – 4 सेमी
राजपुर – 3 सेमी
कोटा – 3 सेमी
चांदो – 2 सेमी
भैयाथान – 2 सेमी
मरवाही – 2 सेमी
दर्री – 2 सेमी
जांजगीर – 1 सेमी
लोरमी – 1 सेमी
कोरबा – 1 सेमी
अजगरबहार – 1 सेमी
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट:
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यलो अलर्ट:
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।







