कोटाडोल पुलिया से आवागमन बहाल, लेकिन प्रतिबंध जारी; लोडेड ट्रकों पर पूरी तरह रोक

एमसीबी:  भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई कोटाडोल पुलिया की अस्थायी मरम्मत का काम महज सात दिनों में पूरा कर लिया गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सोमवार से पुलिया को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। पुलिया खुलने से कोटाडोल से खिरकी के बीच आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के निर्देश पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के माध्यम से क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई गई। बारिश के कारण पुलिया की स्थिति खराब होने के बाद विभाग ने तेजी से काम शुरू किया और सात दिवस के भीतर अस्थायी मरम्मत पूरी कर आवागमन बहाल कर दिया।

 पुलिया खुली, लेकिन दो अहम प्रतिबंध लागू

पुलिया से आवागमन शुरू होने के बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल कुछ प्रतिबंध लागू रखे हैं। एक समय में केवल एक चारपहिया वाहन को पुलिया से गुजरने की अनुमति होगी। वहीं लोडेड ट्रकों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिया की संरचनात्मक स्थिति को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। पुलिया पर एक साथ कई वाहनों के गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पुलिया से गुजरते समय जल्दबाजी न करें और निर्धारित प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करें। वाहन चालक अपनी बारी का इंतजार करते हुए सावधानीपूर्वक पुलिया पार करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

फिलहाल अस्थायी मरम्मत के जरिए पुलिया पर यातायात बहाल किया गया है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित परिस्थितियों में यातायात संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button