CM साय की मौजूदगी में रायपुर में जुटेगा BJP OBC मोर्चा, प्रबुद्धजनों के सम्मान के साथ कार्यकर्ताओं में भरेगा जोश

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा की ओर से राजधानी रायपुर में 7 सितंबर को प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू करेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता होंगे।

प्रबुद्धजनों का होगा सम्मान

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित करना और भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करना है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में समाज और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

सामाजिक सहभागिता और संवाद पर जोर

अशोक सिन्हा ने कहा कि सम्मेलन के जरिए सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के साथ समाज के प्रबुद्ध वर्ग और संगठन के बीच संवाद को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।

कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

रायपुर संभाग के जिलों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता

ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ने बताया कि सम्मेलन में रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों से मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक व्यवस्था, मंच सज्जा, स्वागत, यातायात प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सहभागिता समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर मोर्चा के पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता के दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button