रायपुर में महापौर को गाली देने का मामला गरमाया, भाजपा पार्षद पहुंचे थाने; अब FIR

रायपुर :  राजधानी रायपुर में जलभराव और सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दे पर सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो को लेकर विवाद बढ़ गया है। वीडियो में रायपुर की महापौर मीनल चौबे के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बारिश के बाद शहर में जलभराव और सड़कों की स्थिति को लेकर एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था। इसी वीडियो में महापौर के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणी की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद भाजपा पार्षद दल ने इसका विरोध जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

भाजपा पार्षदों ने सिविल लाइन थाने में की शिकायत

वीडियो को लेकर भाजपा पार्षद दल के सदस्य सिविल लाइन थाने पहुंचे और संबंधित युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पार्षदों ने महापौर के खिलाफ इस तरह की भाषा के इस्तेमाल को आपत्तिजनक बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच करने के साथ ही उसे बनाने और पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

वीडियो के स्रोत की भी होगी जांच

पुलिस वीडियो के स्रोत, उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने और संबंधित व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है। पहचान सामने आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जलभराव और सड़क निर्माण का मुद्दा जहां शहर की व्यवस्थाओं से जुड़ा है, वहीं महापौर के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल ने मामले को राजनीतिक रंग भी दे दिया है। भाजपा पार्षदों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button