त्योहार की खुशियां मातम में बदली: भीषण सड़क हादसे में 3 भाई-बहनों समेत 4 की मौत, एक साथ उठीं अर्थियां

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बीते दिन भीषण सड़क हादसा हुआ। छुरिया थाना क्षेत्र के शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से सभी को झकझोर रख दिया है।

त्योहार की खरीदारी कर गांव लौट रहे थे भाई-बहन

जानकारी के अनुसार, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19), भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी (25) तीनों सगे भाई-बहन थे। दोनों बहनें शादीशुदा थीं और त्योहार मनाने के लिए अपने मायके आई हुई थीं। 1 सितंबर को तीनों त्योहार की खरीदारी करने बाइक से छुरिया गए थे। खरीदारी के बाद शाम को वे वापस अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे।

2 की मौके पर मौत, 2 ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में संदीप साहू और उनकी एक बहन भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वहीं हादसे में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। वाहन में सवार 4 लोगों में से भोलापुर निवासी 65 वर्षीय कमल बंजारे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह भीषण सड़क हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हुई है। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

अंधेरा और तेज रफ्तार को माना जा रहा हादसे की वजह

शुरुआती जांच में हादसे की वजह अंधेरा और वाहनों की तेज रफ्तार मानी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही छुरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गांव में पसरा मातम, अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़

एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की एक साथ मौत से ग्राम गहिराभेड़ी में शोक का माहौल है। बुधवार को अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में पहुंचे।

डॉ. रमन सिंह ने जताया शोक

हादसे पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन होनहार भाई-बहनों संदीप साहू, भूपेश्वरी साहू एवं डिकेश्वरी साहू के असामयिक निधन का समाचार मन को स्तब्ध और व्यथित करने वाला है।

उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों का यूं असमय चले जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button