पार्षद कार्यालय में जमकर हंगामा! गाली-गलौज कर पत्थर से तोड़ा कांच, आरोपी महिला गिरफ्तार

रायपुर : राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पार्षद कार्यालय में गाली-गलौज और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 52 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने पार्षद कार्यालय में पत्थर मारकर दरवाजे का कांच तोड़ दिया था। मामले में उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी के साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
गाली-गलौज के बाद कार्यालय में मारा पत्थर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब 4 बजे प्रार्थी मनीष बेहरा झंडा चौक, पंडरी स्थित पार्षद कार्यालय के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गीता बाई नाम की महिला वहां पहुंची और प्रार्थी के भाई कैलाश बेहरा के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगी।
इसी दौरान महिला ने पार्षद कार्यालय की ओर पत्थर फेंका, जिससे कार्यालय के दरवाजे में लगा कांच टूट गया। घटना के बाद प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 448/2026 दर्ज किया। आरोपी महिला के खिलाफ धारा 296 और 324(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गीता बाई को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पहले भी आबकारी एक्ट में हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ कुछ दिन पहले थाना देवेंद्र नगर में भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि महिला के व्यवहार में सुधार नहीं होने के कारण उसके खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही आरोपी महिला के विरुद्ध धारा 129 बीएमएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर डीसीपी मध्य एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, कमिश्नरेट रायपुर के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल दाखिल किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
गीता बाई, पति समारू साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी बाबा किराना स्टोर्स के पीछे, राजातालाब, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की गई है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।







